जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्व की स्थितियों को देखते हुए तैयारी पूर्ण करने के दिये निर्देश
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में सम्भावित बाढ़ को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए अबतक की गई तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में की गई। जिसमें जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं बाढ़ चौकी प्रभारियों के साथ बिन्दुवार तैयारियों की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने बाढ़ से बचाव हेतु राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित किया कि सभी बाढ़ शरणालयों को व्यवस्थित रखा जाए तथा शरणाालयों में चिकित्सा व्यवस्था दुरूस्त रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों एवं स्थानीय परिस्थितियों की दृष्टिगत बाढ़ से संबंधित समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। जनपद में सुरक्षा बलों का आगमन हो गया है। 19 बाढ़ चौकियों और 28 बाढ़ शरणालयों का चिन्हांकन करके सभी आवश्यक ड्यूटी लगा दी गयी हैं। राहत सामग्री का टेंडर जून माह मे पूर्ण कर लिया जायेगा। जनपद मे 19 मेडिकल टीम एवं एक जनपद स्तरीय सर्विंलांस टीम बना दी गयी है। जनपद मे अधिकारियों, नाविकों, और आपदा मित्रों को बाढ़ पूर्व प्रशिक्षित किया जायेगा। ग्राम स्तर पर राहत चौपालों का आयोजन किया जायेगा जिससे आम नागरिक को बाढ़ के समय की जाने वाली कार्यवाही की जानकारी रहे। पूर्व मे आयी बाढ़ के अनुभवों से सीखकर नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय किये जा रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार ने सभी अधिकारियों को जिलाधिकारी महोदया द्वारा निर्गत निर्देशों के ससमय अनुपालन के लिए सभी को निर्देशित किया। बैठक का संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, उपजिलाधिकारी इकौना पीयूष जायसवाल, जमुनहा एस0के0 राय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ के0के0 वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नीलेश प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।












