श्रावस्ती में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि जिला प्रशासन त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम के जुलूस के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे और कोई भी अधिकारी कार्यालय में नहीं बैठेगा। ताजियों का आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा डीजे की आवाज तय सीमा से अधिक न होने देने के निर्देश भी दिए गए। जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिए ग्राम सचिवों, लेखपालों और संबंधित विभागों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति की आशंका होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए। डीजे संचालकों को नोटिस जारी किए गए जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए बिजली, पानी और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए। विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा बार-बार हो रही कटौती रोकने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में संबंधित अधिशासी अधिकारियों को सौंपी गई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा लागू नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रत्येक थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील करने को भी कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जुलूसों के दौरान सादी वर्दी में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। अधिक ध्वनि वाले डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे, जिसके लिए सभी डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती में मोहर्रम पर प्रशासन सतर्क:तेज आवाज वाले डीजे किए प्रतिबंधित, ताजिया के आकार पर भी दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












