गिलौला थाना क्षेत्र के मसढ़ी चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक बालू लदे ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना मिलते ही गिलौला पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गिलौला ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, बहराइच जनपद के थाना पयागपुर क्षेत्र के डेरवा हरबंशपुर गांव निवासी महेश (22 वर्ष), आशीष (16 वर्ष) और रोहित (20 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चित्तौरा झील घूमने जा रहे थे। मसढ़ी चौराहे पर उनकी बाइक की सामने से आ रहे बालू लदे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
मसढ़ी चौराहे पर ट्रक-बाइक टक्कर, तीन युवक घायल:दो गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर; इलाज जारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












