मुगलसराय : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने कुरहना के समीप हुई लूट की घटना का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 23,000 रुपये नकद, एक सोने का लॉकेट, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सोमवार दोपहर 1 बजे मुगलसराय कोतवाली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस बात की जानकारी दी।
यह घटना चार दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के कुरहना स्थित रिंग रोड अंडरपास के पास हुई थी। गोरखपुर के एक बीज व्यापारी और उसके चालक से लूटपाट की गई थी। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने रविवार को प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया था। पुलिस टीम ने इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाच घर मैदान से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पिकअप चालक विपिन कुमार सिंह, रोहित पटेल (दोनों पुत्र हरिवंश पटेल, निवासी फिरोजपुर, थाना चुनार), आकाश सिंह (पुत्र जयकुमार सिंह) और विशाल पटेल (पुत्र दिलीप कुमार, दोनों निवासी ममोलापुर नयपूरवा चुनार) शामिल हैं।
पिकअप चालक इस लूट का मास्टरमाइंड
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिकअप चालक रोहित पटेल ही इस लूट का मास्टरमाइंड था। उसने अपने भाई विपिन कुमार सिंह को व्यापारी की जानकारी दी थी, जिसके बाद लूट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना को वास्तविक दिखाने के लिए रोहित पटेल के साथ भी मारपीट का नाटक किया गया और उसका मोबाइल व लॉकेट छीनने का दिखावा किया गया था। ये सभी आरोपी लूटे गए धन का बंटवारा करने के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाच घर में एकत्र हुए थे।
इस कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज तिवारी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश प्रताप, हेड कांस्टेबल रितेश सिंह, महिला हेड कांस्टेबल बंदना, कांस्टेबल अभिषेक कुमार, कांस्टेबल विशाल वर्मा, महिला कांस्टेबल निशा, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम जनम यादव, हेड कांस्टेबल राणाप्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामानन्द यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, हेड कांस्टेबल आनन्द सिंह, उप निरीक्षक सर्विलांस आशीष मिश्रा प्रभारी, हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल मन्टू सिंह, कांस्टेबल अजीत सिंह और कांस्टेबल नीरज कुमार मिश्रा शामिल रहे। वार्ता के दौरान पीडीडीयू नगर सीओ अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार












