महाकुंभ (Mahakumbh) में ‘आईआईटी बाबा’ (IIT Baba) के नाम से चर्चा में आए अभय सिंह (Abhay Singh) ने अब शादी कर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है। हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव के रहने वाले अभय सिंह उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उनका संन्यासी वेश में एक वीडियो वायरल हुआ था और उन्होंने खुद को आईआईटी से पढ़ा हुआ बताया था। इसी वजह से लोग उन्हें ‘आईआईटी वाले बाबा’ के नाम से पहचानने लगे थे।
झज्जर में पत्नी संग पहुंचे अभय
सोमवार को अभय सिंह अपनी पत्नी प्रतीका के साथ झज्जर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने माता-पिता और परिवार से मुलाकात की। वे अपने वकील पिता के चेंबर में भी गए और कुछ समय वहां बिताया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पुराने दिनों को याद किया और बताया कि पढ़ाई के दौरान वे अक्सर यहां आकर केस की तैयारी का तरीका देखा करते थे।
Also Read: Mahakumbh 2025: मानव सभ्यता का सबसे भव्य-दिव्य संगम
महाशिवरात्रि पर की शादी
अभय सिंह ने बताया कि उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में विवाह किया था। इसके बाद 19 फरवरी को उन्होंने कोर्ट मैरिज भी की। उनकी पत्नी प्रतीका कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। अभय ने बताया कि इस बार झज्जर आने का एक कारण बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करवाना भी था।
पत्नी का विजन
प्रतीका ने अभय की सादगी और ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि वे दोनों एक साल पहले मिले थे और अब एक साझा उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मिलकर सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करेंगे और एक ऐसी यूनिवर्सिटी स्थापित करना चाहते हैं, जहां आध्यात्मिक और आधुनिक ज्ञान का समन्वय हो सके।
सनातन यूनिवर्सिटी की योजना
अभय सिंह ने बताया कि वे एक ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जहां आध्यात्मिक साधना और पारंपरिक शिक्षा दोनों पर जोर दिया जाएगा। फिलहाल दोनों हिमाचल प्रदेश में रह रहे हैं और अपने इस विजन पर काम कर रहे हैं। झज्जर में उनकी मौजूदगी के दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और कई लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार











