श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ कला निवासी 29 वर्षीय प्रमोद वर्मा पुत्र आत्माराम की बहन की शादी आगामी 13 मई को होनी थी। प्रमोद अपने गांव के 21 वर्षीय दिलीप वर्मा के साथ मोटरसाइकिल से इंदवा टिकुइया गांव स्थित साबितराम वर्मा के घर शादी का निमंत्रण देने गए थे। निमंत्रण कार्ड बांटने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि उनकी मोटरसाइकिल कनीबोझी-भिनगा मार्ग पर मल्हीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर कोठी गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दिलीप वर्मा को मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रमोद वर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलीप वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना मिलते ही मल्हीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुटने का फायदा उठाकर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रमोद वर्मा की बहन की शादी में महज पांच दिन बाकी थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। प्रमोद तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की अधिकांश जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके माता-पिता के अलावा पत्नी और दो बच्चे भी हैं। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।
श्रावस्ती में शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की मौत:डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, 5 दिन बाद बहन की शादी थी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












