सिद्धार्थनगर के खेसरहा थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद किया गया है। यह घटना 13 जून को रिउना गांव में हुई, जब भेडौहा गांव से बारात आई थी। द्वार पूजा के बाद रिउना निवासी कृष्णा और बारात में शामिल डब्लू व बृजेश के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख नरसिंह पुत्र इंद्रजीत (निवासी रिउना) बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि डब्लू ने नरसिंह को पकड़ लिया, जबकि बृजेश ने चाकू से उसकी पीठ पर वार कर दिया। इस हमले में नरसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित की मां की तहरीर पर 14 जून को खेसरहा थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। सिद्धार्थनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई की। टीम ने बनकटा-सुपौली मार्ग से आरोपी बृजेश पुत्र रामसुमेर और डब्लू पुत्र अवधराज (दोनों निवासी भेडौहा) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी कुर्थिया उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी मलखा साहनी और आरक्षी उमेश चंद शामिल थे।
बारात में युवक पर चाकू से हमले के आरोपी गिरफ्तार:सिद्धार्थनगर में 24 घंटे के अंदर पुलिस ने की कार्रवाई, पहले से भी मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












