श्रावस्ती जिले में पांच गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। शहादत नगर, गणेशपुर, रानीपुर, इंसान पुरवा और सिटकहना गांवों को जोड़ने वाला यह रास्ता वर्षों से कच्चा और उबड़-खाबड़ बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर डामर का कोई निशान नहीं है। सड़क पूरी तरह कच्ची होने के कारण हल्के वाहन गुजरते ही धूल का बड़ा गुबार उठता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता इन पांचों गांवों की मुख्य जीवनरेखा है, लेकिन इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। मार्ग की जर्जर स्थिति का सबसे अधिक असर बीमारों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। एम्बुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को गांव तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। खराब सड़क के कारण मरीजों को तेज झटकों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी हालत और बिगड़ने का खतरा बना रहता है। वहीं, रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी धूल भरे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य और कपड़ों पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार फिसलन और गड्ढों की वजह से बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण वाहनों के रखरखाव का खर्च बढ़ गया है और समय की भी बर्बादी हो रही है। स्थानीय निवासी जुबेर, रफीक, अलगू, माजिद अली, शहादत, अतीक, सुरेश, जर्रार और सैलून सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि संबंधित विभाग से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जमुनहा में पांच गांवों की जीवनरेखा बनी बदहाल सड़क:धूल और गड्ढों के बीच सफर को मजबूर ग्रामीण, गिरकर घायल हो रहे बाइक सवार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












