खेसरहा थाना क्षेत्र के रिउना गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर बराती और घराती पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना भेडौहा निवासी सुदर्शन के पुत्र अंगद की शादी में हुई। उनकी बरात रिउना निवासी बिरजू की पुत्री सोनी के घर पहुंची थी। स्वागत और द्वारपूजा की रस्में चल रही थीं, तभी डीजे पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान रिउना निवासी नरसिंह (22) पुत्र इंद्रजीत उर्फ पप्पू पर एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में नरसिंह की पीठ पर गहरा घाव हो गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सूचना मिलते ही खेसरहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल नरसिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ बराती डीजे पर नाचने के लिए लोगों को जबरन खींच रहे थे। इसी बात का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ और उसने हिंसक रूप ले लिया। थानाध्यक्ष खेसरहा अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह भी खेसरहा क्षेत्र में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। यह घटना शादी समारोहों में डीजे को लेकर बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता बढ़ाती है।
डीजे पर नाचने को लेकर बरात में खूनी संघर्ष:रिउना में युवक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












