राजकोट। गुजरात में चोटिला-राजकोट नेशनल हाइवे पर संगानी गांव के पास रात लगभग 2ः30 बजे एक प्राइवेट बस में आग लग जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य यात्री घायल हो गए। यह बस राजकोट से चोटिला की ओर जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, इस हाइवे पर एक डामर टैंकर टायर फट जाने की वजह से खड़ा था। पीछे आ रही बस टकरा गई। इससे बस में तुरंत शॉर्ट-सर्किट हो गया और आग लग गई। सो रहे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिलने से पहले ही आग फैल गई। इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग मामूली रूप से झुलस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।












