- सीएम बोले-अब माफिया के सामने नहीं झुकती सरकार
मऊ/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ की धरती से माफिया और गुंडों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में किसी की हिम्मत नहीं है कि वह धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा करे या खुलेआम लोगों को धमकाए। उन्होंने कहा कि अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता। यदि किसी ने रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने की कोशिश की तो उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मऊ के गांधी मैदान में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार विकास लेकर आती है, जबकि गलत लोग चुने जाने पर सुरक्षा और विकास दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले माफिया और दंगाइयों के सामने सरकारें नतमस्तक रहती थीं। वर्ष 2005 के मऊ दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा किया जाता था और निर्दोष लोगों की जान जाती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। व्यापारी अब बिना डर के कारोबार कर रहे हैं और बेटियां सुरक्षित माहौल में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास योजनाएं बिना रुके आगे बढ़ रही हैं। गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और आयुष्मान योजना का लाभ दिया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने मऊ के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव मांगा और कहा कि सरकार किसानों के हित में हर संभव कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप, आवास स्वीकृति पत्र और अन्य सहायता भी वितरित की। उन्होंने महिलाओं की गोदभराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे












