बिना फार्मर रजिस्ट्री के उर्वरक का वितरण करने पर होगी कार्यवाही-जिलाधिकारी
सभी वितरण केन्द्रों पर ई-पॉस मशीन सुचारू रूप से रहे संचालित-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में उर्वरक वितरण की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थिति अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त साधन सहाकारी समिति एवं निजी उर्वरक प्रतिष्ठान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही उर्वरक का वितरण करेंगे। सभी समितियां अपनेसम्बन्धित लेखपालों का विवरण रखें, जिससे यदि किसी भी किसान का फार्मर आईडी नहीं बना है तो तत्काल उसकी फार्मर आईडी बनायी जा सके। सभी उर्वरक वितरण केन्द्रों पर ई-पॉस मशीन चेक करके ही वितरण कराया जाए। प्रत्येक केन्द्र पर मशीन संचालित रहे। साथ ही ई-पॉस मशीन का मिलान रजिस्टर एवं फार्मर आईडी से भी होना अनिवार्य है। जिससे उर्वरक की अवैध कालाबाजारी को रोका जा सके। यदि किसी भी केन्द्र पर ई-पॉस मशीन संचालित नहीं पायी गई तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। सभी समितियों पर चेकलिस्ट के अनुसार वितरण रजिस्टर इत्यादि व्यवस्थाएं प्रत्येक दशा में सुनिश्चित रखी जाएं। भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए टोकन सिस्टम लागू कर निर्धारित मानकों के अनुसार वितरण कराया जाए, जिससे भीड़ न होने पाए।
उन्होने निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण अत्यंत संवेदनशीन कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे किसानों को कोई भी दिक्कत का सामना करना पड़े। यदि औचक निरीक्षण में किसी भी प्रकार की कमी पायी गई तो निश्चित ही कड़ी कार्यवाही होगी। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषकों को सूचित किया है कि शासन की महत्वपूर्ण एग्रीस्टैक योजना अन्तर्गत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीर्ष प्राथमिकता पर संचालित है। शासन द्वारा फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही उर्वरक का वितरण करने के निर्देश दिये गये है। इसलिए जनपद के समस्त सहकारी/निजी उर्वरक विक्रय केन्द्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया जाता है कि फार्मर रजिस्ट्री प्राप्त कर उर्वरक का विक्रय करें। उन्होने जनपद के कृषक बन्धुओं से अपील किया है कि अपनी फार्मर आईडी बनवाकर उर्वरक का क्रय करें। जिससे किसानों को ससमय उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, उपजिलाधिकारी जमुनहा एस0के0 राय, भिनगा आशीष भारद्वाज, उप कृषि निदेशक राम आसरे यादव, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार गुप्ता, अपर जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता प्रेम शंकर, जिला प्रबन्धक पी0सी0एफ0 उपस्थित रहे।












