बहराइच के नानपारा में शनिवार सुबह एक डंपर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। नील कोठी के पास गिट्टी उतारते समय डंपर का पिछला हिस्सा 11000 वोल्ट की तार से छू गया, जिससे चालक गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। करहल निवासी 30 वर्षीय ट्रक चालक दिनेश पुत्र जयराम डंपर से गिट्टी उतार रहा था। डंपर का डाला ऊपर उठने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार से टकरा गया। करंट पूरे डंपर में फैल गया और चालक दिनेश उसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में दिनेश की पीठ और हाथ बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नील कोठी इलाके से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीची है। उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लाइन को ऊंचा किया जाए। बिजली विभाग के जेई ओम प्रकाश मेहता ने इस घटना की पुष्टि की।
डंपर हाईटेंशन तार से टकराया, चालक झुलसा:गिट्टी उतारते समय 11000 वोल्ट की चपेट में आया, हालत गंभीर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












