Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)चेतिया मुरार गांव में ट्रांसफार्मर में लगी आग:विद्युत आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने...

चेतिया मुरार गांव में ट्रांसफार्मर में लगी आग:विद्युत आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने बुझाई आग; नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग


श्रावस्ती जनपद के गिलौला क्षेत्र स्थित चेतिया मुरार गांव में देर रात एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। इस घटना के कारण पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि देर रात ट्रांसफार्मर से तेज आवाज आने के बाद उसमें आग लग गई। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पास के पेड़-पौधे भी उसकी चपेट में आ गए और जलने लगे। आग लगते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग के पावर हाउस को फोन कर विद्युत सप्लाई बंद कराई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर किसी तरह आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद न होती, तो आग घरों तक फैलकर बड़ा नुकसान कर सकती थी। ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में बिजली न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर लोग गर्मी से बेहाल रहे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कतें हो रही हैं। बिजली न होने से पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है, क्योंकि कई घरों में मोटर और पंप नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीण विनोद, राजेश, राजकुमार और पंकज सहित अन्य लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिना बिजली के रहना बेहद मुश्किल है और विभाग को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments