डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के भारत भारी मंडल अंतर्गत तेलियाडीह गांव में ‘कर्मयोगी परिवार’ ने ‘खटिया बतकही’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि ने क्षेत्रीय जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंगलवार की रात जनप्रतिनिधियो ने गांव पहुंचकर लोगों का कुशलक्षेम पूछा और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल में कानून व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में हुए उल्लेखनीय कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उनके अनुसार, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए गए थे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिली थी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बात रखी और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उपस्थित लोगों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्थन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का माहौल आत्मीय और संवादात्मक रहा। लोगों ने विकास एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। जनसमूह का उत्साह और समर्थन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर नगर पंचायत भारत भारी के चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ चंदू चौधरी, दिलीप कुमार पांडेय उर्फ छोटे, रघुनन्दन पांडेय सहित भाजपा नेतागण, कार्यकर्तागण एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
खटिया बतकही कार्यक्रम में विकास, जनकल्याण का संदेश:पूर्व विधायक ने जनता से किया संवाद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












