लखनऊ। शुक्रवार बीबीडी थाना क्षेत्र में किसान पथ स्थित रेगुलेटर के पास एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेल टैंकर ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे तेल टैंकर संख्या यूपी 32 ईएन 6802 ने ट्रैक्टर संख्या यूपी 32 डीई 5480 को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही बीबीडी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा।
इलाज के दौरान मिश्रीलाल (50) पुत्र पाचू लाल, निवासी ग्राम पारा, पोस्ट रजोली, थाना गुडम्बा, लखनऊ की मौत हो गई। घायल शहजाद (26), तौहीर (28) और सलीम (40) का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। पुलिस के मुताबिक घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












