HomeHealth & Fitnessकटनी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में दो युवकों...

कटनी बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौत

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित चाका बाईपास के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों एवं शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। वे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रतापगढ़ जिले के कुंडा निवासी अमित सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी।

घायलों में प्रीतम सिंह, प्रयागराज निवासी विवेक राजपूत और सूर्यांश सिंह शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं अज्ञात मृतक की पहचान के प्रयास भी जारी हैं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों की लगातार निगरानी कर रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments