Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)इकौना ब्लॉक: रामपुर-सेमगढा मुख्य मार्ग जर्जर:ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी, बारिश में...

इकौना ब्लॉक: रामपुर-सेमगढा मुख्य मार्ग जर्जर:ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी, बारिश में बढ़ता है दुर्घटना का खतरा


इकौना ब्लॉक के अंतर्गत रामपुर गांव को सेमगढा से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति आने वाले बारिश के मौसम को लेकर है, जब यह मार्ग पूरी तरह से टापू में तब्दील हो जाता है। सड़क की हालत इतनी खस्ता है कि मार्ग पर जगह-जगह कई फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। पानी भरे होने के कारण राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अनुमान नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित हो रही हैं और दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। दोपहिया और साइकिल सवारों के लिए बना ‘सफर-ए-दर्द’ इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और पैदल यात्री हर वक्त खौफ के साए में रहते हैं। जरा सी लापरवाही होते ही लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों लायक राम, रमजान और ददन ने बताया – यह मार्ग हमारे लिए लाइफलाइन है। बाजार, अस्पताल और बच्चों के स्कूल तक पहुंचने का यही एक मुख्य रास्ता है। सड़क की इस कदर खराब स्थिति के कारण अब आपातकालीन स्थिति में भी यात्रा करना बेहद जोखिम भरा और डरावना हो गया है। ‘सड़क पर चलना सर्कस जैसा, कई लोग हो चुके हैं चोटिल’ मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों अखिलेश निषाद, सिराज और सीमा देवी ने भी सड़क की दुर्दशा पर गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने पुष्टि की कि इस सड़क पर अब तक कई लोग फिसलकर गंभीर रूप से गिर चुके हैं और चोटिल हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अभी तक इसकी मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments