श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र स्थित नासिरगंज कस्बे में बिजली के जर्जर तार और ओवरलोड की समस्या गंभीर बनी हुई है। आए दिन बिजली के तार टूटकर खंभों से नीचे गिर जाते हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों की जान को लगातार खतरा बना रहता है। कस्बे के बाजार क्षेत्र में दुकानों और भारी उपकरणों के लिए थ्री-फेज लाइन की आपूर्ति की जाती है, जबकि घरों में सिंगल फेज लाइन दी जाती है। बिजली का लोड बढ़ने और तारों के जर्जर होने के कारण दोनों ही लाइनों पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे वे बार-बार टूट रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या अब रोज़मर्रा की हो गई है। किसी न किसी खंभे से चालू बिजली का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह स्थिति विशेष रूप से बच्चों और पशुओं के लिए बेहद खतरनाक है। मोहम्मद रज़ा, अख़्तर रज़ा, सुभानल्लाह और मुबारक जैसे स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार तार टूटकर सीधे घरों में लटक जाते हैं, जिससे छोटे बच्चों वाले घरों में हर समय डर का माहौल बना रहता है। इस संबंध में, लाइनमैन शिव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिजली का लोड काफी अधिक है। भीषण गर्मी के कारण तार गर्म होकर कमजोर पड़ जाते हैं, जिससे वे टूट जाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदला जाए, खंभों की मरम्मत कराई जाए और ओवरलोड की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
नासिरगंज में जर्जर बिजली के तार:ओवरलोड से टूटकर गिर रहे, लोगों की जान जोखिम में
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












