सिद्धार्थनगर। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी मौजूद रहे। बैठक में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने एआरटीओ विभाग को स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच का विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। स्पष्ट किया गया कि बिना पंजीकरण और फिटनेस प्रमाणपत्र वाले किसी भी वाहन को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बिना फिटनेस संचालित बसों को तत्काल बंद करने के आदेश भी दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने बिना परमिट के चल रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर चालान करने को कहा गया। उन्होंने जोर दिया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और एनएचआई के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, वहां चेतावनी और गति सीमा संबंधी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। पहले से लगे संकेतक बोर्डों की साफ-सफाई और मरम्मत पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और अधिक यातायात वाली सड़कों के किनारे स्थित विद्यालयों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तीन सवारी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” अभियान को पेट्रोल पंपों पर सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रोडवेज बस चालकों का नियमित नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण कराने की बात भी कही गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस दौरान बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी सहित लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर में बिना फिटनेस, ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई:स्कूल वाहनों की जांच के निर्देश, डीएम दिए आदेश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












