श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम के इस बदले मिजाज से खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पड़ी गेहूं की फसल भीग रही है। इससे गेहूं के दानों के खराब होने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द धूप नहीं निकली, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है और उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थानीय किसान रामलाल यादव, शिवकुमार वर्मा और फकीरे प्रसाद ने बताया कि बारिश के कारण कटाई के बाद खेतों में रखी फसल भी अब सुरक्षित नहीं रह गई है। वे अपनी फसल को लेकर चिंतित हैं। वहीं, किसान गुड्डू सिंह और राजेश तिवारी ने कहा कि सभी किसान धूप निकलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि फसल को सुखाया जा सके और बाकी कटाई व भंडारण का काम तेजी से पूरा किया जा सके। फिलहाल, किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हुई हैं। अगर जल्द मौसम साफ नहीं होता है, तो जमुनहा क्षेत्र में गेहूं की फसल को व्यापक क्षति हो सकती है, जिससे किसानों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
जमुनहा में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश:खेतों में खड़ी और कटी गेहूं की फसल को नुकसान का खतरा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












