रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
महराजगंज। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कड़े दिशा-निर्देशों पर चौक थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल के कुशल पर्यवेक्षण में चौक पुलिस लगातार क्षेत्र में मुस्तैद है। इसी क्रम में शनिवार को थानाध्यक्ष चौक के नेतृत्व में गठित टीम ने मुकदमा संख्या 657/22, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम से संबंधित वारंटी अभियुक्त बीर बहादुर पुत्र रामसूरत को उसके गृह ग्राम करौता से घेराबंदी कर धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के खुराफातियों और वांछितों में हड़कंप मचा हुआ है।इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में चौक थाने के उपनिरीक्षक अंकित राय, उपनिरीक्षक सुजीत सिंह और कांस्टेबल पीयूष यादव शामिल रहे।












