Home Blog Page 1880

प्रेमिका से शादी की मांग पर युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा:सिद्धार्थनगर में टावर पर चढ़कर प्रेमी ने 112 पर कॉल कर दी लोकेशन, डेढ़ महीने पहले लड़की के साथ हुआ था फरार


सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 5 बजे बॉयफ्रेंड अपनी शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचकर प्रेमिका को बुलाने की जिद करने लगा। कई घंटे बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टावर पर चढ़ने के बाद युवक खुद ही पुलिस को चुनौती देने लगा और उसने कई बार 112 नंबर पर फोन करके अपनी लोकेशन भी दी। जिसके बाद पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। युवक को शांत कराकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। हालांकि युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए इटवा थाना प्रभारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कई घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामला दुफेड़िया गांव का बताया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले युवक अपनी प्रेमिका को लेकर घर से फरार हो गया था। उस वक्त लड़की के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया था और दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराकर मामला शांत करा दिया गया था। करीब एक महीने बाद आज सुबह वह फिर युवक ने हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया । टावर पर चढ़े युवक की मांग है कि उसकी शादी उसी लड़की से कराई जाए। टावर पर चढ़कर युवक मांग कर रहा है कि अगर उसकी शादी नहीं करवाई गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। स्थिति को देखते हुए आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।

फरेन्दा में वीर एकलव्य की मूर्ति स्थापित होगी:31 मार्च को होगा समारोह, विधायक वीरेंद्र चौधरी होंगे मुख्य अतिथि


महराजगंज के फरेन्दा विधानसभा क्षेत्र में वीर एकलव्य की मूर्ति स्थापित की जाएगी। यह समारोह 31 को ग्राम पुरंदरपुर स्थित बेलनाहवा चौराहा पर आयोजित होगा। फरेन्दा विधायक वीरेंद्र चौधरी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय परंपरा और महाभारतकालीन कथाओं के अनुसार, निषादराज हिरण्यधनु के पुत्र एकलव्य को लगभग 3000 वर्ष पूर्व अद्वितीय प्रतिभा और अदम्य संकल्प का प्रतीक माना जाता है।धनुर्विद्या सीखने के लिए एकलव्य ने गुरु द्रोणाचार्य से संपर्क किया, लेकिन सामाजिक व्यवस्था के कारण उन्हें शिक्षा देने से मना कर दिया गया। इसके बावजूद, एकलव्य ने स्वयं गुरु द्रोणाचार्य की प्रतिमा स्थापित की और उन्हें गुरु मानकर निरंतर साधना व अभ्यास से धनुर्विद्या में अद्वितीय दक्षता प्राप्त की।जब उनकी प्रतिभा दूर-दूर तक फैली, तो गुरु द्रोणाचार्य ने गुरुदक्षिणा के रूप में उनका दाहिना अंगूठा मांगा। एकलव्य ने बिना किसी संकोच के अपना अंगूठा अर्पित कर दिया।आयोजकों के अनुसार, यह समारोह केवल एक प्रतिमा की स्थापना नहीं है। यह त्याग, समर्पण, आत्मबल और शिक्षा के प्रति निष्ठा जैसे महान आदर्शों को समाज में जीवंत रखने का एक प्रयास है। एकलव्य की यह घटना गुरु-भक्ति, समर्पण और शिक्षा के प्रति अटूट आस्था का ऐसा उदाहरण है, जो आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

बस्ती में आउटसोर्सिंग ठेका रद्द, फर्जी दस्तावेज मिले:संयुक्त शिक्षा निदेशक ने महिस इन्फोटेक का अनुबंध निरस्त किया, नई निविदा के आदेश


बस्ती मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्मिक उपलब्ध कराने की निविदा प्रक्रिया में अनियमितता पाए जाने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बड़ी कार्रवाई की है। महिस इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। कार्यालय आदेश के अनुसार, जेम पोर्टल के माध्यम से प्रकाशित निविदा के तहत महिस इन्फोटेक का चयन किया गया था। हालांकि, पूर्व सेवा प्रदाता एडवेंट इन्फोमैक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर आयुक्त, बस्ती मंडल के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच समिति ने 19 मार्च 2026 को हुई बैठक में पाया कि संबंधित फर्म द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज निविदा की शर्तों और शासनादेश के अनुरूप नहीं थे। इस पर समिति ने अनुबंध निरस्त करने का निर्णय लिया। आयुक्त कार्यालय ने भी 23 मार्च 2026 को निविदा रद्द कर पुनः प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने अपने आदेश में कहा है कि अब जेम पोर्टल के माध्यम से नई निविदा आमंत्रित की जाएगी। तब तक, मंडल के बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जनपदों के विद्यालयों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों का मानदेय भुगतान महिस इन्फोटेक द्वारा ही किया जाएगा, ताकि शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

तलाक के बाद बिजनेसवुमेन बनी एक्ट्रेस, Ex हसबैंड ने लुटाया प्यार, हुई ट्रोल – AajTak

  1. तलाक के बाद बिजनेसवुमेन बनी एक्ट्रेस, Ex हसबैंड ने लुटाया प्यार, हुई ट्रोल AajTak
  2. ‘क्या ड्रामा है ये?’ चारू असोपा ने पूर्व पति पर लुटाया प्यार तो भड़के यूजर्स, कभी लगाए थे संगीन आरोप Navbharat Times
  3. तलाक के बाद फिर साथ दिखे चारु असोपा और राजीव सेन, फैंस बोले- ‘आपका रिश्ता समझ नहीं आता’ ABP News
  4. चारू असोपा-राजीव सेन की नजदीकियों ने फिर मचाया बवाल, प्यार भरे पोस्ट पर भड़के यूजर्स बोले- ये कैसा ड्रामा? navbharatlive.com
  5. Ex-पति संग फिर साथ दिखीं चारू असोपा, बाहों में भरकर दिए पोज; फैंस बोले- ‘पहले तलाक फिर अब ये क्या ड्रामा?’ republicbharat.com

इकौना में नवरात्रि दुर्गा पूजा शोभा यात्रा:नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई


श्रावस्ती जिले के इकौना नगर में नवरात्रि दुर्गा पूजा का समापन शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर नगर के प्रमुख मार्गों पर शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता दुर्गा को भक्तिमय गीतों के साथ विदाई दी। इकौना कस्बे के विभिन्न वार्डों और मंदिरों में दुर्गा पूजा की नवरात्रि पूजा, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शुक्रवार को संपन्न हुए। चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा नवमी के दिन, शुक्रवार को, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक नवरात्रि का व्रत रखा और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए हवन-आरती-पूजन किया। नवरात्रि के समापन पर मां दुर्गा की शोभा यात्रा विभिन्न मंदिरों से अलग-अलग जुलूसों के रूप में निकाली गई। ये जुलूस नगर के विभिन्न वार्डों से होते हुए इकौना तहसील के सामने पहुंचे, जहां कलश विसर्जन किया गया। इस दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने माता के भक्तिमय गीत गाते हुए विदाई दी। शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, प्रभारी थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारियों की देखरेख में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, जिसने यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महादेव घुरहू क्षेत्र में रामनवमी पर हवन-पाठ:देवी मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन


महादेव घुरहू क्षेत्र में रामनवमी के अवसर पर विभिन्न देवी मंदिरों में विशेष अनुष्ठान, हवन और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। इस दौरान भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। पोखर भिटवा स्थित देवी मंदिर में देर रात तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बलुआ समय माता स्थान पर आचार्य श्याम सुंदर शुक्ला ने विधि-विधान से पाठ संपन्न कराया। इसी तरह, चोरथरी के समय माता स्थान पर भी भक्तों ने अपने घरों से पूजन सामग्री लाकर पंडितों द्वारा हवन करवाया। हवन के पश्चात आरती वंदना की गई और फिर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अतुल मिश्रा ने अखंड रामायण रामचरितमानस का पाठ भी संपन्न किया। आयोजन में सभी भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम पोखर भिटवा के देवी मंदिर में भंडारा देर रात तक जारी रहा। इस अवसर पर गिरीश गुप्ता (अध्यक्ष), शिवप्रसाद शर्मा, मंगल गुप्ता, चौधरी प्रसाद यादव और भानु यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सिसवा में श्रीराम जन्मोत्सव पर भजन संध्या आयोजित:देर रात तक राम भजनों पर भक्ति में लीन रहे श्रद्धालु


सिसवा स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर परिसर में शुक्रवार रात श्रीराम जन्मोत्सव के अवसर पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरखपुर के भजन गायक मोनू शर्मा और गोंडा की दीपिका मिश्रा के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। भजन संध्या का शुभारंभ गायक उमेश ‘उमंग’ ने गणेश वंदना ‘देवा हो देवा’ से किया। इसके बाद उत्सव शर्मा और दिनेश सोनी ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्य प्रस्तुति में गोरखपुर के भजन गायक मोनू शर्मा ने ‘हम कथा सुनाते’ और ‘मेरा भोला है भंडारी’ जैसे कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मोनू शर्मा के बाद गोंडा की भजन गायिका दीपिका मिश्रा ने देर रात तक प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। श्रोतागण भक्ति की इस अविरल धारा में देर रात तक गोता लगाते रहे। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, लालजी सिंह, अधिवक्ता गोविंद सोनी, मनोज केसरी एडवोकेट, जितेंद्र वर्मा, अरुण पांडेय, विवेक चौरसिया, कृष्णमुरारी सिंह, दिनेश रौनियार, अर्जुन केसरी, अश्वनी रौनियार, अमित रौनियार और अरुण सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

बस्ती में साइबर सुरक्षा अभियान:ग्रामीणों को फिशिंग, OTP धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए


बस्ती पुलिस अधीक्षक डॉ. यश वीर सिंह के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशानिर्देश पर, क्षेत्राधिकारी रूधौली कुलदीप सिंह के पर्यवेक्षण में एक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित किया जा रहा है। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह के नेतृत्व में थाना मुंडेरवा की साइबर टीम ने ग्राम जगदीशपुर में महिलाओं और पुरुषों को साइबर अपराधों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक अमरनाथ यादव, कांस्टेबल अखिलेश यादव और महिला कांस्टेबल शिमला मौर्या शामिल थीं। अभियान के दौरान, टीम ने फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई और क्यूआर कोड स्कैन से होने वाली ठगी, अज्ञात लिंक पर क्लिक करने के खतरे, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन लॉटरी स्कैम जैसे विभिन्न साइबर अपराधों पर विस्तृत जानकारी दी। लोगों को इन धोखाधड़ी के तरीकों से बचने के उपाय बताए गए। जागरूकता कार्यक्रम में, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अतिरिक्त, थाना मुंडेरवा का सीयूजी नंबर 9454403117 भी उपस्थित लोगों को प्रदान किया गया। इन हेल्पलाइन और वेबसाइट की उपयोगिता पर जोर दिया गया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सके। इसका उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित रहने में मदद करना है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे

‘आप सेक्स के बारे में पूछ सकते हैं,’ भरी महफिल में ये क्या बोल गए ट्रंप?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान में जारी युद्ध के बीच लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दुनिया के सामने अपनी बात रख रहे हैं। विवादों से पुराना नाता रखने वाले ट्रंप ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सामने कुछ ऐसा बोल दिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, ट्रंप अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमेशा पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हैं।

इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आप मुझसे जो चाहें पूछ सकते हैं। आप सेक्स के बारे में बात कर सकते हैं। जो मन करे, पूछ सकते हैं। उनकी यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

यह भी पढ़ें: PM मोदी और ट्रंप के फोन कॉल पर क्या कर रहे थे एलन मस्क? ईरान वॉर से है कनेक्शन?

राष्ट्रपति ने कहा क्या है?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कह, ‘आप लोग मुझसे सवाल पूछ सकते हैं। मैं दूसरे नेताओं की तरह नहीं हूं, जो सवालों को मोड़ देते हैं। आप जो चाहें मुझसे पूछ सकते हैं। आप सेक्स के बारे में बात कर सकते हैं। आप जो सुनना चाहते हैं वो पूछिए। मैं यहां आपके लिए हूं… आप जो सवाल पूछना चाहते हैं.. आप पूछेंगे?’

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के ऊपर एप्सटीन फाइल्स में नाबालिग लड़कियों से यौन शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

ट्रंप ने किया बड़ा दावा

इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव प्रायोरिटी समिट के दौरान बड़ी बात कही। उन्होंने दावा किया है कि मिडिल ईस्ट अब ईरान के आतंक और उसकी न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग से पूरी तरह आजाद होने वाला है।

यह भी पढ़ें: बालेन शाह के PM बनते ही विरोधियों पर कार्रवाई शुरू? केपी ओली गिरफ्तार हो गए

उन्होंने कहा कि ईरान जैसा धौंस दिखाने वाला देश अब भाग रहा है। डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सेना ऑपरेशन एपिक फ्युरी के जरिए ईरान के खतरे को जड़ से खत्म कर रही है और उसकी ताकत अब काफी कमजोर हो गई है।

कैसरगंज में जंगली जानवर का हमला, युवक घायल:एसडीएम ने सीएचसी में घायल का जायजा लिया


कैसरगंज थाना क्षेत्र के बभनान पुरवा गोडहिया नंबर 1 में एक जंगली जानवर के हमले से एक युवक घायल हो गया। यह घटना दोपहर लगभग 3 बजे हुई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। हमले में 31 वर्षीय राकेश कुमार (पुत्र जानकी प्रसाद) घायल हुए हैं। उनकी कमर पर दांतों के गहरे निशान हैं, जबकि जांघ पर पंजों और नाखूनों से चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। घायल राकेश को तुरंत सीएचसी कैसरगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह स्वयं सीएचसी कैसरगंज पहुंचे और घायल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और वे सतर्कता बरतते हुए समूह में ही बाहर निकल रहे हैं। वन विभाग की टीम ने भी कमान संभाल ली है, जिसमें रेंजर सहित कई आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एसडीएम अखिलेश सिंह ने जंगली जानवर को जल्द से जल्द ट्रैक कर पकड़ने की बात कही है और ग्रामीणों की भी मांग है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्रावस्ती के भटपुरवा में श्री राम जन्मोत्सव:विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने किया आयोजन, भजन- कीर्तन हुए


श्रावस्ती जनपद के जमुनहा प्रखंड अंतर्गत ग्राम भटपुरवा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में श्री राम जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से आरती-पूजन किया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ गांव के लोग भी इसमें शामिल हुए। उपस्थित महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। इस आयोजन ने गांव में उत्साह का माहौल बनाया, जहां लोगों ने मिलकर भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया।

गालापुर महाकाली स्थान पर चैत्र नवमी पर उमड़ी भीड़:श्रद्धालुओं ने की विशेष पूजा-अर्चना, भंडारे का आयोजन


खुनियाँव क्षेत्र के वटवासिनी महाकाली स्थान गालापुर में शुक्रवार को चैत्र नवरात्रि की नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे। नवमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां महाकाली की आराधना की। महिलाओं और युवतियों ने माता के दरबार में दीप प्रज्वलित किए तथा नारियल, चुनरी और फल अर्पित किए। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समिति के सदस्य सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहे। उनके सहयोग से दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हुई। दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला निरंतर चलता रहा। नवमी के इस अवसर पर गालापुर का महाकाली मंदिर श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना रहा।

मिठौरा सीएचसी में स्वास्थ्य शिविर:75 मरीजों का निशुल्क जांच, 80% सर्दी-खांसी और त्वचा रोग से पीड़ित मिले


मिठौरा सीएचसी में शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 75 मरीजों की निशुल्क जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। डॉ. डी.एन. सिंह ने मरीजों की जांच करते हुए उन्हें बदलते मौसम में सतर्क रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। डॉ. सिंह ने बताया कि इन दिनों सर्दी, खांसी, बुखार और त्वचा संबंधी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, जिनका समय पर उपचार जरूरी है। शिविर में आए मरीजों में लगभग 80 प्रतिशत सर्दी, खांसी, बुखार व त्वचा रोग से पीड़ित पाए गए। वहीं 10 प्रतिशत मरीज शुगर और उच्च रक्तचाप से ग्रस्त थे, जबकि शेष 10 प्रतिशत अन्य बीमारियों से प्रभावित रहे। सभी मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पंजीकरण, जांच और दवा वितरण की व्यवस्था संभाली।

PM मोदी और ट्रंप के फोन कॉल पर क्या कर रहे थे एलन मस्क? ईरान वॉर से है कनेक्शन?

मिडिल ईस्ट में जारी संकट को लेकर पूरी दुनिया चिंता में है। इसी संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी और यह काफी ज्यादा चर्चा में भी रही थी। इस बातचीत को लेकर अब एक नई बात सामाने आ रही है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस बातचीत में पीएम मोदी और ट्रंप के साथ-साथ दुनिया के दिग्गज टेक लीडर और बिजनेसमैन एलन मस्क भी थी। अब लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि दो देशों के राष्ट्राध्यक्षों के फोन कॉल पर एक बिजनेसमैन का क्या काम और वह भी एक अंतर्राष्ट्रीय युद्ध से जुड़े मामले में।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान युद्ध पर फोन कॉल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के साथ एलन मस्क भी थे। उनकी मौजूदगी की रिपोर्ट ने पूरी दुनिया के कूटनीतिक गलियाकों में हलचल मचा दी है। खासकर तब जब कुछ महीने पहले ही ट्रंप और एलन मस्क के बीच विवाद सामने आ चुका है। एलन मस्क अब ना ट्रंप सरकार का हिस्सा हैं और ना हीं किसी सरकारी पद पर हैं। कुल मिलाकर उनका मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध से कोई कनेक्शन नहीं है।

यह भी पढ़ें: बालेन शाह के PM बनते ही विरोधियों पर कार्रवाई शुरू? केपी ओली गिरफ्तार हो गए

पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई थी बातचीत

न्यूयॉर्क टाइम की रिपोर्ट में जिस फोन कॉल पर ट्रंप और मोदी के साथ एलन मस्क के जुड़ने की बात कही जा रही है वह कोल इसी हफ्ते मंगलवार 24 मार्च को हुआ था। ट्रंप और मोदी के फोन कॉल को लेकर जो जानकारी अब तक सामने आई थी उसके अनुसार, दोनों नेताओं ने ईरान युद्ध और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर चर्चा की थी। इसके साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलवाने पर भी बात हुई थी। जब से अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है तब से यह पहली बार था जब पीएम मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत हुई हो।

इस बाचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लिखा था कि भारत तनाव को कम करने और जल्ज से जल्द शांति स्थापित करने के पक्ष में है। यह सुनिश्चित करना कि होर्मुज स्ट्रेट खुला और सुरक्षित बना रहे यह पूरी दुनिया के लिए बहुत जरूरी है।

एलन मस्क का क्या काम?

अब सामने आया है कि इस कॉल में ट्रंप और मोदी के अलावा एलन मस्क भी थे। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस कॉल पर एलन मस्क के होने की पुष्टि दो अमेरिकी अधिकारियों ने की है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मस्क इस कॉल में क्यों जुड़े थे या उन्होंने बातचीत के दौरान कुछ कहा भी था या नहीं। आधिकारिक तौर पर दोनों देशों ने इस पर कोई जानकारी नहीं दी है।

हालांकि, अगर सच में ट्रंप और मोदी के साथ एलन ने चर्चा की है तो इससे साफ है कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ संबंध फिर से बेहतर हो गए हैं। पिछले साल ट्रंप और एलन मस्क के बीच अनबन हो गई थी, जिसके बाद एलन मस्क ने ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा भी दे दिया था।

‘पश्चिम एशिया में मंडरा रहा खतरा…’, DGCA से क्या चाहता है पायलट एसोसिएशन?

एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA इंडिया) ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच कमर्शियल उड़ानों के लगातार ऑपरेशन को लेकर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। संघ ने चेतावनी दी है कि ऐसे फैसलों से जान का खतरा हो सकता है और सरकार को तुरंत दखल देना होगा। इसको लेकर ALPA ने डीजीसीए को पत्र लिखा है।

डीजीसीए को लिखे गए पत्र में पायलटों की संस्था ने कहा है कि एक्टिव वॉर जोन में या उसके आसपास फ्लाइट्स चलाना यात्रियों, क्रू और एयरक्राफ्ट के लिए एक गंभीर और अस्वीकार्य जोखिम पैदा करता है। ऐसे फैसलों को जानबूझकर इंसानी जान को खतरे में डालना बता गया है।

DGCA ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की

ALPA इंडिया ने कहा है कि इससे पहले उसने 18 मार्च को इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाया था, जिसके बाद DGCA ने 19 मार्च को एक सुरक्षा एडवाइजरी जारी करके एयरलाइनों से अपने जोखिम का आकलन करने को कहा था। हालांकि, एसोसिएशन ने इस तरीके की आलोचना की और कहा कि युद्ध क्षेत्र में जोखिम का आकलन सरकारों को करना चाहिए, न कि अलग-अलग एयरलाइनों पर छोड़ देना चाहिए।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से बंगाल तक बारिश का अलर्ट, आंधी बढ़ाएगी परेशानी, जानिए मौसम का हाल

अपने जोखिम का आकलन करें

वैश्विक एविएशन मानदंडों का जिक्र करते हुए ALPA इंडिया ने कहा कि इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) ऑपरेटरों को अपने जोखिम का आकलन करने की इजाजत देता है लेकिन सक्रिय संघर्ष क्षेत्रों में सरकारों द्वारा केंद्रीकृत, आधिकारिक निरीक्षण और समय पर संवाद करने की जरूरत होती है।

इसमें यह भी कहा गया कि एयरलाइंस के पास युद्ध जैसे हालात में खतरों का जोखिम का आकलन करने के लिए जरूरी इंटेलिजेंस और सर्विलांस कैपेबिलिटीज की कमी है।

यह भी पढ़ें: दुनिया में आने वाला है वाशिंग मशीन संकट, ईरान युद्ध ने कैसे असर डाला?

यात्री जहाजों को मार गिराने का दिया हवाला

एसोसिएशन ने ऐसे रूट्स पर उड़ान भरने वाले पायलटों के लिए वॉर-रिस्क इंश्योरेंस कवरेज पर स्पष्टता की कमी पर भी चिंता जताई। इसमें कहा गया है कि क्रू मेंबर्स ने इस बात का पुष्टि मांगी है कि क्या युद्ध क्षेत्र में इंश्योरेंस वैध रहता है, लेकिन अब तक कोई फॉर्मल एश्योरेंस या डॉक्यूमेंटेशन नहीं दिया गया है, जिससे किसी घटना के मामले में देनदारी और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

ALPA इंडिया ने आगे उन पिछली घटनाओं की ओर इशारा किया जहां युद्ध क्षोत्रों में यात्री जहाजों को मार गिराया गया था। इसमें ईरान एयर फ्लाइट 655, लीबिया अरब एयरलाइंस फ्लाइट 114, और यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस फ्लाइट 752 शामिल हैं। इन घटनाओं के जरिए संघ ने जान के जोखिम को लेकर चिंता जताई है।