श्रावस्ती पुलिस ने आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद के सभी थानों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग और कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी और टियर गैस गन सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और रखरखाव की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील हालात में त्वरित प्रतिक्रिया, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
थाना सिरसिया में क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान और थाना इकौना में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह की मौजूदगी में मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त, कोतवाली भिनगा, मल्हीपुर, हरदत्तनगर गिरंट, सोनवा, गिलौला और नवीन मॉडर्न श्रावस्ती सहित जनपद के सभी थानों पर पुलिस बल को प्रशिक्षित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भड़काऊ और भ्रामक सामग्री की निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मॉक ड्रिल पुलिस बल की तैयारियों को परखने और किसी भी आपात या चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। इसका लक्ष्य मोहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बनाए रखना है।
मोहर्रम से पहले श्रावस्ती पुलिस का मॉक ड्रिल:सभी थानों में दंगा नियंत्रण का अभ्यास, शांति व्यवस्था पर जोर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












