आधा अप्रैल खत्म हो जाने के बाद अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। देश के कई राज्यों में मौसम विभाग ने आज लू का अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने हिमाचल, उत्तराखंड समेत 13 राज्यों के लिए बारिश-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान भी चल सकता है। कुल मिलाकर आज देशभर में मिलाजुला मौसम रहेगा। कहीं धूप परेशान करेगी तो कहीं बारिश से मौसम सुहावना होगा।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो अब दिल्ली वालों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 16 अप्रैल यानी आज और 17 अप्रैल को दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ेगी। इसके साथ ही कल शाम को आसमान में बादल छा सकते हैं और पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही एनसीआर क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: ‘हिस्सा चोरी नहीं होने देंगे’, राहुल गांधी ने परिसीमन पर उठाए बड़े सवाल
किन राज्यों में होगी बारिश?
देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों, पूर्वी, दक्षिण और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आज बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर भारत में निम्न दबाव क्षेत्र के बने रहने से मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड और ओड़िशा और मेघालय के कुछ हिस्सों पर 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और बादलों की गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
https://twitter.com/Indiametdept/status/2044343571407597618
दक्षिण भारत की बात करें तो यहां केरल में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा जिससे बारिश होने की संभावना है। मौस विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही उत्तराखंड में भी इस पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। ऊंचाई वाले स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में गर्मी
उत्तर भारत में जहां कुछ दिन पहले तक बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही थी वहीं, अब धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा है। रोजाना न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। उत्तर भारत में तापमान में बढ़ने से यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में गर्मी परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है लेकिन इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: डिग्री, उम्र और परिवारवाद, सम्राट के CM बनने से BJP को सताते रहेंगे ये 3 सवाल
मध्य भारत और दक्षिण भारत में लू
उत्तर भारत में भले ही मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी नहीं किया हो लेकिन मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जिन राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है उनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना शामिल हैं।












