बहराइच के विकासखंड बलहा की ग्राम पंचायत वैवाही में विकास कार्यों को लेकर कुछ ग्रामीणों ने अनियमितताओं की शिकायत करते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बलहा को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। दूधाधारी मजरा के मनीष तिवारी, महेश निषाद, करन सोनी और अवधेश यादव सहित अन्य शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत में कराए गए कुछ विकास कार्यों की गुणवत्ता और क्रियान्वयन को लेकर उन्हें आपत्ति है। उन्होंने शोकपिट, सार्वजनिक शौचालय, जल निकासी व्यवस्था, हैंडपंप मरम्मत, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा निर्माण समेत विभिन्न कार्यों की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि पंचायत सचिव के ग्राम पंचायत में नियमित रूप से उपलब्ध न रहने के कारण लोगों को कार्यों के संबंध में जानकारी और सुविधा प्राप्त करने में कठिनाई होती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम बिहारी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, पंचायत सचिव सुनील कुमार ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। खंड विकास अधिकारी बलहा राजेश पांडे ने बताया कि ग्रामीणों का प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सचिव पर विकास कार्यों में धांधली का आरोप:बहराइच में ग्रामीणों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












