#बस्ती_न्यूज
बस्ती में गर्मी बढ़ने के साथ ही बस्ती मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा इकाई ओपेक अस्पताल कैली में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। इन दिनों अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें उल्टी, दस्त और बुखार के सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं। ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज बुखार, खांसी, उल्टी, दस्त और रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) की शिकायत लेकर आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चा वार्ड में उल्टी और दस्त के रोगियों की संख्या विशेष रूप से अधिक है। बच्चों के बीमार पड़ने का मुख्य कारण अधिक ठंडी चीजों का सेवन और दिन में कूलर व एसी के बीच बार-बार अंदर-बाहर होना बताया जा रहा है। ओपेक अस्पताल कैली के फिजिशियन के मुताबिक, वायरल के रोगी सबसे अधिक आ रहे हैं, हालांकि उनकी रिकवरी दर अच्छी है। आमतौर पर पांच दिन की दवा लेने से रोगी ठीक हो रहे हैं। वहीं, जो मरीज डॉक्टर की सलाह के बजाय आस-पड़ोस से दवा ले रहे हैं, उन्हें ठीक होने में आठ से दस दिन का समय लग रहा है। विभागाध्यक्ष फिजिशियन डॉ. बी.एल. कनौजिया ने बताया कि डेंगू के मामले सामने नहीं आए हैं, लेकिन प्लेटलेट्स से संबंधित कई रोगी देखे गए हैं। मौसम में बदलाव के कारण बुखार और वायरल के रोगियों में चेहरे पर सूजन जैसी समस्या भी देखने को मिल रही है। ऐसे रोगियों को स्वस्थ होने में आठ से दस दिन लग रहे हैं। तेज धूप के कारण उच्च रक्तचाप (बीपी) के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इन सभी मरीजों को दवा के साथ धूप से बचने की सलाह दी जा रही है। डॉ. कनौजिया ने गर्मी में अधिक मात्रा में पानी पीने और नींबू पानी, नारियल पानी, ताजा जूस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के कैली अस्पताल में बढ़े मरीज:उल्टी-दस्त और बुखार के मामले दर्ज, प्लेटलेट्स के मामले भी सामने आए
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












