सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और बागपत से जुड़े राखी कश्यप हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। यह मामला अब दोहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को नौगांवा क्षेत्र के पास रजबहे में एक युवती का शव मिला था, जिसकी पहचान बाद में राखी कश्यप के रूप में हुई। जांच में पता चला कि 25 अप्रैल को आरोपी सुधारस चौहान और उसका साथी कपिल चौहान, राखी को सहारनपुर के एक फार्महाउस पर लेकर गए थे, जहां उसकी हत्या कर दी गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस फार्महाउस में घटना को अंजाम दिया गया, वह देहरादून निवासी एक व्यक्ति का है। वहां मौजूद चौकीदार से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को बिस्तर में लपेटकर रजबहे में फेंक दिया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राखी की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई, साथ ही उसके शरीर पर कई वार किए गए थे।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस मामले से पहले राखी के प्रेमी विक्रांत की भी हत्या की गई थी। जानकारी के अनुसार, एक पार्टी के दौरान विवाद में विक्रांत को गोली मार दी गई थी, जिसके बाद आरोपियों ने उसका शव नहर में फेंक दिया।
पुलिस का कहना है कि विक्रांत की गुमशुदगी की जांच के दौरान जब शक राखी पर बढ़ा, तो आरोपियों को अपने फंसने का डर हुआ। इसी के चलते उन्होंने राखी की हत्या कर दी।
इस मामले में मुख्य आरोपी सुधारस चौहान को बागपत से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी कपिल चौहान पहले ही पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।












