राजस्व एवं पुलिस की टीम मौके पर जाकर करें भूमि विवादों का निस्तारण-जिलाधिकारी
शिकायतकर्ता द्वारा प्राप्त शिकायत का निस्तारण के उपरान्त फोन से कराया जाए अवगत-पुलिस अधीक्षक
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में थाना सोनवा में आयोजित समाधान दिवस/थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर उनके निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस/थाना दिवस में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनकर त्वरित निस्तारण की कार्यवाही करें तथा फरियादियों के साथ नम्र व्यवहार भी किया जाए। उन्होने कहा कि भूमि विवादों से सम्बन्धित प्रकरणों का राजस्व एवं पुलिस की टीम मौके पर जाकर निस्तारण करें। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि बालिकाओं/महिलाओं द्वारा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ता द्वारा प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेकर तुरंत मौके पर जाकर प्रकरण की जांच कर कार्यवाही करें और उसकी शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को फोन आदि के माध्यम से सूचित भी किया जाए, ताकि शासन के निर्देशानुसार जीरो टालरेंस नीति के तहत लोगों को न्याय दिलाया जा सके।इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, थानाध्यक्ष सोनवा, संबंधित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकगण, लेखपालगण, बीट निरीक्षक, बीट कांस्टेबल सहित फरियादीगण उपस्थित रहे।












