Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सड़क हादसे में परिवार के इकलौते बेटे की मौत:एक युवक गंभीर, श्रावस्ती...

सड़क हादसे में परिवार के इकलौते बेटे की मौत:एक युवक गंभीर, श्रावस्ती में साइकिल-बाइक की आमने-सामने हुई थी टक्कर


श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बनगई गांव निवासी सालू यादव (16) पुत्र दुलारे यादव साइकिल से फत्तेपुर से डीजल लेकर नर्सरी की सिंचाई के लिए जा रहा था। इसी दौरान जमुनहा-बहराइच मार्ग पर बनगई गांव के पास उसकी साइकिल की सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सालू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार हैदर यादव (30) पुत्र रामधीरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति घटना के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मल्हीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हैदर यादव को जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक सालू यादव अपने परिवार में छह बहनों का इकलौता भाई था। उसकी पांच बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी अभी बाकी है। पिता दुलारे यादव खेती-किसानी के साथ साप्ताहिक बाजारों में नमक सप्लाई का काम करते हैं। सीमित कृषि भूमि वाले परिवार पर बेटे की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की ओर से तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments