Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रिसिया के पेट्रोल पंप पर लगी भारी भीड़:सुबह से लगी कतारें, लोगों...

रिसिया के पेट्रोल पंप पर लगी भारी भीड़:सुबह से लगी कतारें, लोगों में नोंकझोंक का माहौल


बहराइच जिले के रिसिया कस्बे में पिछले तीन दिनों से जारी डीजल की किल्लत के बाद अब पेट्रोल का संकट गहरा गया है। बृहस्पतिवार को कस्बे के पांच पेट्रोल पंपों में से केवल एक पर पेट्रोल उपलब्ध होने के कारण सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। इटकौरी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिलने की खबर फैलते ही वाहन स्वामियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल भरवाने को लेकर लोगों के बीच और पंप कर्मचारियों से नोंकझोंक होने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोखा गांव, रविदास नगर और मछली मंडी चौराहा स्थित अन्य पेट्रोल पंपों पर तेल उपलब्ध न होने के कारण सन्नाटा पसरा रहा। कस्बे से लगभग 4 किलोमीटर दूर नरसिंडीहा पेट्रोल पंप पर भी डीजल नहीं मिल रहा था, हालांकि वहां पेट्रोल के लिए वाहनों की कतारें देखी गईं। इटकौरी पेट्रोल पंप पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए कस्बा चौकी प्रभारी ने हेडकांस्टेबल प्रभाकर राज सिंह और शुभम वर्मा को मौके पर भेजा। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति को संभाला। क्षेत्र में पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) भी सभी पेट्रोल पंपों पर लगातार निगरानी रख रही है। डीजल की कमी से किसान भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसान जिलेदार, पीतांबर वर्मा, विनोद यादव, राम प्रकाश, कोइली और फिरोज खान ने बताया कि गेहूं की फसल कट चुकी है, लेकिन डीजल न मिलने के कारण मड़ाई का काम रुका हुआ है। इसके अतिरिक्त, खेतों की सिंचाई भी बाधित हो रही है। कस्बा चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और पेट्रोल पंपों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पेट्रोल पंप संचालक मो. अशफाक ने कहा कि डिपो से जिस हिसाब से तेल मिल रहा है, उसी तरह वितरण किया जा रहा है। उन्होंने दोपहर बाद डीजल उपलब्ध होने की उम्मीद जताई और कहा कि फिलहाल लोगों को जरूरत के हिसाब से पेट्रोल दिया जा रहा है। वहीं, डीएसओ नरेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों के कारण घबरा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments