
जरवलरोड बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। देवीपाटन मंडल की लाइफलाइन माने जाने वाले संजय सेतु को गुरुवार दोपहर 12 बजे से आगामी दो माह के लिए सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, पुल की जर्जर हालत को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार का कार्य ‘युद्ध स्तर’ पर प्रारंभ कर दिया गया है।पुल बंदी की प्रक्रिया के दौरान मौके पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर नायब तहसीलदार सुरेंद्र वर्मा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य सहित अन्य, लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता अजीत कुमार, अवर अभियंता एस के राव, राजेश कुमार, आलोक यादव ट्रैफिक पुलिस क्षेत्राधिकारी राज सिंह, पीटीओ अवध राज गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी के श्रीवास्तव घाघरा घाट चौकी इंचार्ज दिनेश कुशवाहा और अन्य संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। आम जनता को बड़ी राहत देते हुए प्रशासन ने पास ही बने प्लाटून पुल से आवागमन शुरू करवा दिया है। वर्तमान में इस वैकल्पिक मार्ग से स्कूली बसें और वैन ,एंबुलेंस व आपातकालीन सेवाएं, दोपहिया और चारपहिया (छोटे यात्री वाहन) का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने अपील की है कि लोग धैर्य बनाए रखें और वैकल्पिक मार्ग का ही प्रयोग करें। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य ने जानकारी दी कि मरम्मत का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि ”गुरुवार दोपहर से पुल को बंद कर दिया गया है, लेकिन जिलाधिकारी के विशेष आदेशानुसार पेट्रोलियम ईंधन को शहर की तरफ ला रहे कुछ वाहन जो रास्ते में है उन्हें कुछ घंटे में ही पुल से निकलने की अनुमति दी गई है ताकि शहर में आपूर्ति प्रभावित न हो। शुक्रवार सुबह से पुल के ऊपरी हिस्सों पर भी मशीनरी के साथ बड़े पैमाने पर काम शुरू हो जाएगा।”
वैकल्पिक मार्गों से होगा भारी वाहनों का संचालन, 16 जून तक चलेगा मरम्मत कार्य
बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। जनपद के जरवल रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा घाट पर स्थित संजय सेतु को गुरुवार दोपहर 12 बजे से बंद कर मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते पुल को आगामी 16 जून 2026 तक भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मरम्मत कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।भारी वाहनों के लिए यह रहेगा डायवर्जन रूट: यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने निम्नलिखित मार्ग निर्धारित किए हैं:
बहराइच से लखनऊ: घाघरा घाट से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से डायवर्ट कर चहलारी घाट और रेऊसा होते हुए भेजा जाएगा।
यादवपुर लिंक मार्ग: टिकोरा मोड़ से डायवर्ट होने वाले वाहनों को यादवपुर मोड़ से सीधे चहलारी घाट की ओर रवाना किया जाएगा।
पयागपुर व हुजूरपुर से आने वाले वाहन: इन वाहनों को कैसरगंज तिराहे से डायवर्ट कर टिकोरा मोड़ के रास्ते चहलारी घाट भेजा जाएगा।
गोण्डा/ करनैलगंज की ओर से आने वाले वाहन: समस्त भारी वाहनों को जरवल तिराहा से डायवर्ट कर टिकोरा मोड़ की तरफ भेजा जाएगा।












