#बस्ती_न्यूज
बस्ती शहर के रौतापार क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान तीन आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध 32 बोर पिस्टल और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में युवराज सिंह (निवासी महारानी होटल के बगल), प्रिंस चौधरी (निवासी विवेकानंद कॉलोनी रौतापार) और प्रिंस यादव (निवासी वन विभाग कॉलोनी ब्लॉक रोड बस्ती सदर) को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय के आदेश पर इन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद पूछताछ में उनकी निशानदेही पर अवैध असलहा और मोटरसाइकिल संख्या यूपी 51 बीयू 9455 बरामद हुई। यह घटना 30 मई 2026 की सुबह की है। रौतापार निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ हथियारबंद युवक उनके घर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घर का गेट बंद होने के कारण सौरभ श्रीवास्तव की जान बच गई थी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वादी के भाई द्वारा युवराज सिंह के घर पर पत्थर फेंकने और उसकी मां के साथ दुर्व्यवहार किए जाने से वे नाराज थे। इसी के प्रतिशोध में उन्होंने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद्र, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रसाद, अजय कुमार यादव, अनस अख्तर सहित कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रौतापार फायरिंग में तीन आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और बाइक बरामद की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












