श्रावस्ती जिले में बहराइच-भिनगा मार्ग पर स्थित भकला पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए पांच किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई। यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर को हुई। स्थानीय गोताखोरों ने तीन अन्य किशोरों को सुरक्षित बचा लिया। लापता हुए दोनों किशोरों के शव शनिवार को अलग-अलग समय पर नदी से बरामद किए गए। यह हादसा गिलौला थाना क्षेत्र के घोरमा परसिया गांव निवासी पप्पू जायसवाल के घर आयोजित शादी समारोह के दौरान हुआ। समारोह में दूर-दराज से रिश्तेदार आए हुए थे। नहाने के लिए नदी में उतरे किशोरों में अभिषेक (16), राहुल (16), विनय (22), प्रेम प्रकाश (16) और अभि (15) शामिल थे। अभिषेक और अभि घोरमा परसिया के निवासी थे, जबकि राहुल और प्रेम प्रकाश बहराइच के मरौचा और विनय गोंडा के भगवानपुर करनैलगंज से थे। नदी में नहाते समय सभी किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने अभिषेक, राहुल और विनय को नदी से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। हालांकि, प्रेम प्रकाश और अभि नदी में लापता हो गए थे। लगातार चले रेस्क्यू अभियान के बाद शनिवार को दोनों के शव नदी से अलग-अलग जगहों से बरामद कर लिए गए। इस घटना से गांव और पीड़ित परिवारों में मातम छा गया। हादसे के बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे नदी, तालाब और पोखरों के पास विशेष सतर्कता बरतें। जिलाधिकारी ने अभिभावकों को बच्चों को जलस्रोतों में स्नान करने से रोकने की हिदायत दी। उन्होंने जर्जर नावों का प्रयोग न करने, नाव की क्षमता का ध्यान रखने, लाइफ जैकेट पहनने और मादक पदार्थों के सेवन के बाद जल में प्रवेश न करने के सख्त निर्देश दिए। अन्नपूर्णा गर्ग ने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आसपास के लोगों की मदद लेनी चाहिए और एम्बुलेंस को सूचित करना चाहिए। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन कर ऐसे हादसों से बचने की अपील की है।
श्रावस्ती में राप्ती नदी में नहाते दो किशोरों की मौत:पांच डूबे, शादी समारोह में आए थे, तीन बचाए गए
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












