#बस्ती_न्यूज
बस्ती: दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गोरखपुर के सोहनाग निवासी संजय सिंह ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बस्ती को शिकायत पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित संजय सिंह के अनुसार, बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुड़वा निवासी भरत यादव और वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर कलकतवां निवासी प्रिंस उर्फ गोलू उपाध्याय ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि दोनों ने उससे 1 लाख 60 हजार रुपये की मांग की। संजय सिंह ने इसमें से 1.50 लाख रुपये चेक के माध्यम से और 8 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। संजय सिंह ने बताया कि दुबई पहुंचने पर वहां मौजूद हरिओम और विनय नामक व्यक्तियों ने उससे 7 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। पैसे न देने पर उसे न तो नौकरी दिलाने और न ही भारत वापस भेजने की धमकी दी गई। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने दुबई पुलिस और भारतीय दूतावास की मदद ली, जिसके बाद उसे भारत वापस भेजा जा सका। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में उसके कुल 2 लाख 8 हजार रुपये खर्च हुए, जो उसे अब तक वापस नहीं मिले हैं। उसका पासपोर्ट और मोबाइल भी संबंधित कार्यालय में जब्त होने की बात सामने आई है। संजय सिंह ने यह भी बताया कि उसका बहनोई अभी भी विदेश में फंसा हुआ है। भारत लौटने के बाद संजय सिंह ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने एसपी बस्ती से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उसकी पूरी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। संबंधित थाना नगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में शनिवार को मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी:पीड़ित ने एसपी बस्ती से लगाई न्याय की गुहार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












