कोलकाता । दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर गुरुवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गया। सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बड़ी संख्या में लोग उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और पूरे इलाके में चुनावी उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।
निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 35 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है, जो पिछले मतदान की तुलना में लगभग दोगुनी है। इसके अलावा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 30 क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रखी गई हैं।
हालांकि मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद यह जानकारी सामने आई कि तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जाहांगिर खान के घर के पास स्थित कुछ बूथों पर पार्टी के एजेंट मौजूद नहीं हैं। बताया गया है कि उनके घर के नजदीक कम से कम दो बूथों पर तृणमूल के एजेंट नहीं पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि 29 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में फलता सीट पर मतदान हुआ था, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में कथित गड़बड़ी और बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र का मतदान रद्द कर पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया था।
इस बीच मतदान से 48 घंटे पहले तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जाहांगिर खान ने चुनाव से हटने की घोषणा कर दी थी। हालांकि निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक उनका नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बना हुआ है।












