नई दिल्ली। देशभर में मौसम विभाग ने 15 राज्यों में अगले कुछ घंटों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। खासकर, उत्तर भारत के राज्यों में अगले 20 घंटे के दौरान मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान का अलर्ट है और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश व ओलावृष्टि का खतरा है। हालांकि, अधिकांश जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी और लू का सितम बढ़ सकता है। वहीं, पहाड़ों पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ पर्वतीय भागों पर बारिश-बर्फबारी और ओले गिर सकते हैं। उधर, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक एवं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भयंकर तूफान आने व झमाझम बारिश का अनुमान है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम खराब रहने और कहीं-कहीं तपिश बढ़ने की संभावना व्यक्त की है। जबकि, महाराष्ट्र और गुजरात में गर्मी बढ़ने के चांस हैं।
यूपी में मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में लगातार कई दिनों तक बारिश-आंधी के कारण मौमम सुहावना रहा, लेकिन अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि मुरादाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, आजमगढ़, बस्ती, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, अमेठी, प्रतापगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, जौनपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में भीषण गर्मी के साथ लू चलने का अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, बुंदेलखंड के बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट समेत कई जिलों में 40 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान पहुंचने से भीषण तपिश महसूस होगी। हालांकि, कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही के साथ तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।
यूपी में कितना तापमान
जिला अधिकतम (°C)
बांदा 44.8°C
झांसी 44.1°C
प्रयागराज 44.0°C
उरई 43.4°C
हमीरपुर 43.2°C
आगरा 43.0°C
वाराणसी (BHU) 42.0°C
गाजीपुर 42.0°C
फुर्सतगंज 41.7°C
सुलतानपुर 41.5°C
चूर्क 41.4°C
वाराणसी एयरपोर्ट 41.3°C
आजमगढ़ 41.2°C
अलीगढ़ 40.8°C
लखनऊ 40.0°C
कानपुर नगर 40.0°C
बलिया 40.0°C
पंजाब में बारिश होगी क्या
पंजाब में पिछले कई दिनों से मौसम की चाल बदलती नजर आ रही है। आईएमडी ने 6 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश के लिए अलर्ट जारी है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक, अमृतसर, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का और मुक्तसर में आकाशीय बिजली कड़कने के साथ भीषण आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है। कहा जा रहा है कि इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 16 मई से 20 मई तक कई हिस्सों में लू (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम उतार-चढ़ाव के साथ गुजर रहा है। जहां पिछले दिनों मौसम काफी सुहावना रहा वहीं अब धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना है। फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंचने की संभावना है। हालांकि, आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही और आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहाल, आसमान साफ रहेंगे। 17 मई को बादलों के छाए रहने के बीच तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल हवा की क्वालिटी में सुधार दिख रहा है। एक्यूआई 150 के करीब है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
17 मई (रविवार) का तापमान
शहर न्यूनतम अधिकतम
दिल्ली 26°C 40°C
मुंबई 29°C 33°C
चंडीगढ़ 26°C 37°C
भोपाल 28°C 42°C
जयपुर 29°C 41°C
चेन्नई 29°C 33°C
बेंगलुरु 29°C 34°C
कोलकाता 28°C 37°C
रांची 27°C 35°C
पटना 27°C 38°C
लखनऊ 28°C 41°C
देहरादून 23°C 34°C
शिमला 17°C 23°C
कश्मीर 8°C 18°C
बिहार में कब तक बारिश होगी
बिहार में मौसम का मिजाज नर्म है। राज्य के कई हिस्सों पर लोगों को गर्मी से राहत है। लेकिन 17 मई तक 16 जिलों में तेज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी और मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है। खासकर, गोपालगंज, सीवान, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, अरवल, रोहतास, औरंगाबाद, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, जमुई और बांका में खराब मौसम के साथ ठनका गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान कंट्रोल में रह सकता है।
उत्तराखंड में मौसम कैसा है
पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका आंशिक असर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटे के दौरान उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी और अल्मोड़ा के कुछ भागों पर मेघ गर्जन के साथ 50 किमी. की रफ्तार हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर बर्फबारी और ओले और आकाशीय बिजली कड़कने का अनुमान है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों को गर्मी की रफ्तार बढ़ेगी।
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु में बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में बने डीप डिप्रेशन के कारण राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। इसे देखते हुए आईएमडी ने आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान तमिलनाडु के चेन्नई, विलुप्पुरम, कडलूर, मयिलादुथुरई, थेनी, डिंडीगुल, थेनी, कोयंबटूर और नीलगिरि में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। उधर, अंडमान सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में दक्षिण-पश्चिम मानसून दस्तक देने का अनुमान है। लोगों को भारी बारिश और आंधी के दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है।
केरल में बारिश का पूर्वानुमान
केरल में बारिश से कई हिस्सों गर्मी शांत है, लेकिन तटीय भागों पर उमस महसूस की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने इडुक्की और मलप्पुरम, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, त्रिशूर, पलक्कड़, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अल्लापुझा, कन्नूर और कासरगोड के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। अधिकांश राज्यों में बढ़ती गर्मी के बीच कुछ इलाकों में आंधी-बारिश से मौसम नर्म है। स्काईमेट ने बताया कि वीकेंड पर असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत कई हिस्सों पर 70 की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं भारी बारिश से मौसम बदला रहेगा। आईएमडी ने असम के कछार , श्रीभूमि, श्रीभूमि सदर, रंगिरखारी, आश्रम रोड, हैलाकांडी रोड, अंबिकापत्ती, शिलांग पट्टी, बिलपार रोड, सरतपल्ली और सिलचर में अगले 24 घंटों में और अधिक बारिश का पूर्वानुमान है।












