बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में बेलहा-बहरौली तटबंध पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो महिलाएं घायल हो गईं। शिवपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला गंभीर रूप से चोटिल हो गई, जबकि दूसरी को मामूली चोटें आईं। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। बाजपुरवा गांव निवासी रीता यादव और रामकला देवी हादसे का शिकार हुईं। टक्कर के बाद दूसरा बाइक सवार अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए तत्काल दोनों घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि रीता यादव के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। रामकला देवी को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार सीएचसी में जारी है। बताया गया कि दोनों महिलाएं बाइक से रायपुर में अपनी रिश्तेदारी में जा रही थीं। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। तटबंध मार्गों पर बढ़ती आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मार्गों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
बहराइच में दो बाइकों की टक्कर, महिला गंभीर घायल:दूसरा बाइक सवार फरार, रिश्तेदारी जा रही थी महिला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












