सिद्धार्थनगर के खेसरहा क्षेत्र स्थित कोटिया पांडे चौराहे पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के पांचवें दिन कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कथा व्यास पंडित मुरलीधर शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की अमृतमयी कथा का वर्णन किया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। पंडित मुरलीधर शास्त्री ने कथा में बताया कि जब भी पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने कंस के अत्याचारों, देवकी-वसुदेव की पीड़ा और भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का विस्तृत वर्णन किया। इस दौरान भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों से पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। कृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते दिखे। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने कथा का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कथा व्यास ने इस दौरान कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला महापुराण है। आयोजक मल्लू गुप्ता ने जानकारी दी कि श्रीमद् भागवत कथा का यह आयोजन लगातार नौ दिनों तक चलेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ लेने की अपील की। इस कार्यक्रम में राजू पांडे, भास्कर उपाध्याय, शैलेंद्र उपाध्याय, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के बैठने और प्रसाद वितरण की भी समुचित व्यवस्था की थी।
कोटिया पांडे में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया:श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़े श्रद्धालु, भक्तिमय रहा माहौल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












