श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मल्हीपुर खुर्द में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को टीबी बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। लोगों को टीबी के प्रमुख लक्षणों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रमुख लक्षणों में दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बलगम में खून आना, वजन कम होना, भूख न लगना, सीने में दर्द, गर्दन में गिल्टी और बांझपन जैसी समस्याएं शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त, मरीजों को पोषण सहायता योजना का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीणों से टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और गांव को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन यशोधरा महिला कल्याण समिति श्रावस्ती के तत्वावधान में हुआ, जिसका समन्वय अमित कुमार सोनकर ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रोहित कुमार गुप्ता, सचिव इंद्रदेव मिश्रा, नीति आयोग के सीएम फेलो अनुराग, सारजन वर्मा, देहात इंडिया के सरोज पटेल, सरोज देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
मल्हीपुर खुर्द में टीबी जागरूकता अभियान:लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












