उतरौला (बलरामपुर)। उतरौला तहसील क्षेत्र इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को तापमान में हुई लगातार बढ़ोतरी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बलरामपुर द्वारा जारी तापमान रिपोर्ट के अनुसार तहसील उतरौला के कई क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक गैडास बुजुर्ग ब्लॉक परिसर में दोपहर 2 बजे तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री तक पहुंचा। वहीं रेहरा बाजार क्षेत्र में भी गर्मी का असर काफी तीव्र रहा। इमिलिया बनघुसरा स्थित केआई कॉलेज में तापमान 40.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र और सराय खास इलाके में भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना रहा।
उधर श्रीदत्तगंज क्षेत्र में भी तेज गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ब्लॉक परिसर श्रीदत्तगंज में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दत्तनगर क्षेत्र में भी तापमान 39.4 डिग्री तक पहुंचा, जिससे दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं।
तहसील मुख्यालय उतरौला में ब्लॉक परिसर पर तापमान 39.9 डिग्री और तहसील परिसर में 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए।
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ रहा है। खेतों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को तपती धूप में काम करना पड़ रहा है। वहीं अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों जैसे डिहाइड्रेशन, बुखार और कमजोरी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। विशेषज्ञों ने अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि लू से बचाव के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है।












