#बस्ती_न्यूज
मदरसा नियुक्तियों में कथित फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने दस्तावेजों में हेराफेरी कर एक जीवित व्यक्ति को अभिलेखों में मृत दर्शाया और उसके स्थान पर अपने परिजनों की नियुक्ति करा दी। पुलिस के अनुसार मदरसे में हुई नियुक्तियों और संबंधित अभिलेखों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच में पता चला कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर संबंधित व्यक्ति को रिकॉर्ड में मृत दिखाया। इसके आधार पर उसने अपने परिजनों को नियुक्ति का लाभ दिलाने का प्रयास किया। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में नगर थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर फुटहिया क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुर्रव पुत्र बिस्मिल्लाह, निवासी ग्राम मटेरा, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन उसे समय रहते पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ नगर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति या अधिकारी-कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में मदरसा नियुक्ति घोटाला:जीवित व्यक्ति को रिकॉर्ड में मृत दिखाकर परिजनों को दिलाई नौकरी, आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












