सुपौल। जिले के निर्मली-मरौना सड़क मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक वृद्ध महिला की जान चली गई। घटना नदी थाना क्षेत्र के ईटहरी चौक स्थित महादलित टोला के समीप हुई, जहां सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतका के घर मातम पसरा हुआ है। मृतका ईटहरी गांव निवासी करीब 65 वर्षीय सांझा देवी है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह घास लेकर सड़क पार कर रही थीं।
इसी दौरान निर्मली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
इधर, दुर्घटना में शामिल बाइक को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक चालक वाहन समेत भाग निकला, जबकि कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को मृतका के परिजनों ने अपने कब्जे में ले लिया है।
हालांकि पुलिस की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले को लेकर नदी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अंशु कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि बाइक चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं थानाध्यक्ष शिशुपाल ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











