#बस्ती_न्यूज
बस्ती में पुलिस पर घर में घुसकर महिलाओं और एक गर्भवती महिला से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के सराय घाट (पोस्ट मिश्रौलिया) की रीता समेत अन्य महिलाओं ने शनिवार दोपहर एक बजे उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर स्थानीय पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई की रात करीब 10 बजे थाना कोतवाली के 8 से 10 पुलिसकर्मी उनके घर में बिना किसी स्पष्ट कारण के घुस गए। उन्होंने परिवार की महिलाओं, नाबालिग लड़कियों और पुरुषों के साथ मारपीट की। आरोप है कि पांच माह की गर्भवती निरमा के पेट और पैरों पर लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और तब से गर्भस्थ शिशु की हलचल महसूस नहीं हो रही है। सीमा नामक महिला के बाल खींचने और नाबालिग लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार का भी आरोप है। पुलिसकर्मियों पर घर में रखे टीवी, फ्रिज सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। पीड़ित परिवार ने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मी जाते समय चार मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और घर में रखे कुछ जेवर अपने साथ ले गए। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने पर उन्हें तत्काल निलंबित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना एक व्यक्ति द्वारा नशे की हालत में एक घर के सामने टॉयलेट करने के विरोध से शुरू हुई थी। विरोध करने पर बात बढ़ी और उस व्यक्ति के सिर में चोट लग गई। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को फोन किया गया। डायल 112 की टीम के साथ स्थानीय चौकी की चीता पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि डायल 112 टीम के जाने के बाद स्थानीय चौकी की पुलिस ने यह कार्रवाई की। इस प्रकरण को लेकर इंस्पेक्टर कोतवाली मोती चंद ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप:महिलाओं, गर्भवती से मारपीट; उच्चाधिकारियों से जांच की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












