HomeHealth & Fitnessमोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बिजनौर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार अपराह्न कलेक्ट्रेट सभागार में कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ताजिया मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां सड़क, बिजली के तार, जलभराव अथवा अन्य कोई बाधा हो, उसका तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि जुलूसों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर निकायों को ताजिया मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त करने और सुरक्षा के लिहाज से विशेष इंतजाम करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा सोशल मीडिया पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाली सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ पर्व संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित   पुलिस अधीक्षक नगर डॉक्टर कृष्ण गोपाल सिंह पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रकाश कुमार उप जिलाधिकारी सदर रितु रानी सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments