Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क:संवेदनशील क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी,...

श्रावस्ती में मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क:संवेदनशील क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी, ताजिया की हाइट 12 फीट रखने के निर्देश


श्रावस्ती में मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से चौकी नासिरगंज पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी एस. के. राय और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह मौजूद रहे। बैठक में ताजिए की ऊंचाई 12 फीट से अधिक न रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं, जुलूस मार्गों, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय से पर्व मनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की गई। सभी से प्रशासन के साथ सहयोग कर अमन-चैन बनाए रखने का आग्रह किया गया। इसी क्रम में कस्बा नासिरगंज में भारी संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल के साथ रूट मार्च किया गया। रूट मार्च के दौरान बाजार, मुख्य चौराहों और जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही, संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। प्रशासन द्वारा ताजिया की ऊंचाई और आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा डीजे को तेज आवाज में न बजाने के सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जुलूस मार्गों का पैदल निरीक्षण कर जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार गश्त पर रहेंगी। ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments