झांसी। उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) थाना झांसी को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने उड़ीसा से अवैध गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने वाले दो सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 70 किलोग्राम गांजा, एक हुंडई वेन्यू कार, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के निर्देश तथा एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाथरस निवासी शिव कुमार (31 वर्ष) और आगरा निवासी बेतली सिंह उर्फ बेताली सिंह (36 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को 3 जून 2026 को झांसी के बबीना क्षेत्र स्थित सुकमा-डुकमा चौराहे के पास विधान ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम के निकट गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर आगरा, हाथरस और आसपास के क्षेत्रों में फुटकर सप्लाई करते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे से वे अपने घर का खर्च और अन्य शौक पूरे करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस बार भी कार की डिग्गी में 70 किलो गांजा छिपाकर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एएनटीएफ टीम ने उन्हें धर दबोचा।
इस मामले में थाना बबीना, झांसी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।स कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल संजय सिंह राजावत और हेड कांस्टेबल रामनरेश सिंह शामिल रहे।












