जौनपुर। यूपी के जौनपुर में खेतासराय थाना क्षेत्र में दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के बाद कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उनके बडउर गांव स्थित आवास पहुंचा। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान जौनपुर सदर के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता नदीम जावेद ने दिवंगत आजाद बिंद के परिवार को 50 हजार रुपए की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने मोबाइल फोन के माध्यम से पूर्व विधायक नदीम जावेद की परिजनों से वार्ता कराई। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, दिनेश तिवारी, जय मंगल यादव, जयप्रकाश मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












