पेड़ों के महत्व को समझते हुए उन्हें संजोय रखना चाहिए-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। ’’वृक्षारोपण महायज्ञ’’ कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करने के लिए प्रदेश के माननीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग श्री बैजनाथ रावत जी जनपद के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन भिनगा पहुंचंे। जहां पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने अगुवानी कर स्वागत किया। तत्पश्चात् आफिसर्स कालोनी, ग्राउण्ड राजकीय पुस्तकालय भिनगा के समीप पहुंचकर ’’वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 कार्यक्रम में अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पाण्डेय ने पीपल, पाकड़ व बरगद का पौधरोपण किया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने पीपल एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने आम के पौधों का रोपण कर लोगों को पर्यावरण बचाने का सन्देश दिया। इस दौरान मा0 अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष,विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने स्कूली छात्र-छात्राओं, एस0एस0बी0 के जवानों तथा आम जनमानस को पौधे वितरित किये तथा उन्हें पौधारोपण हेतु प्रेरित भी किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनवाड़ी किट का भी वितरण किया।इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार प्रदेश भर में 40 करोड़ पोधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होने कहा कि पेड़-पौधों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। ऋतु चक्र को संतुलित बनाए रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना चाहिए, और उनका संरक्षण करना भी अनिवार्य है। हमें पौधे का पेड़ बनने तक बच्चों की तरह संरक्षण करना चाहिए। एक पेड़ सैकड़ों जिंदगियां बचाने में सक्षम होता है। इसलिए आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए एक पेड़ अवश्य लगायें और उसकी देखभाल कर संरक्षण भी करना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने में पेड़-पौधों की महती भूमिका होती है। पेड़-पौधे पर्यावरण की अशुद्धियों को सोख लेते हैं, और हमें शुद्ध प्राणदायिनी वायु देते हैं। इसकी निरंतरता बनाए रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए।
इस अवसर पर विधायक श्रावस्ती ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में ’’वृक्षारोपण महायज्ञ’’ अभियान चलाकर लगाया जा रहा है। प्रकृति को बचाये रखने के लिये पौधारोपण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना प्रत्येक मनुष्य की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए हमें आगे आना चाहिए और दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। पर्यावरण के संरक्षण के लिए हमें अपने जीवन में एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें शासन द्वारा जनपद श्रावस्ती हेतु लगभग 40 लाख पौध रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत वन विभाग द्वारा 18 लाख तथा शेष अन्य विभाग द्वारा पौधों का रोपण किया गया है। उन्होने कहा कि जैसे-जैसे जनसंख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे हम सभी को पेड़ों के महत्व को समझना चाहिए और उन्हें संजोय रखना चाहिए। जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पानी एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से ’’वृक्षारोपण महायज्ञ’’ अभियान के तहत आज जनपद के मुख्य अतिथि के रूप में पधारे मा0 अध्यक्ष जी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों द्वारा पौधरोपण किया गया है। इसके अलावा पौधों की देखभाल हेतु उचित व्यवस्था की गई है। उन्होने सभी जनपद वासियों से अपील किया है कि मा0 मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से ’’एक पेड़ मां के नाम’’ लगाकर सभी लोग अपनी मां को एक पेड़ समर्पित करें।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिले में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत आज यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होने कहा कि शासन द्वारा इस जनपद हेतु पौधरोपण का जो लक्ष्य दिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। साथ ही पौधों की देख-रेख हेतु मुकम्मल व्यवस्था भी की जाएगी।इसके अतिरिक्त राजा भिनगा अलक्षेन्द्र कांत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, संजय कैराती, जिला पंचायत सदस्य रमन सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा, एस0एस0बी0 कमाण्डेंट ए0के0 वरूण सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधियों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर पौधरोपण किया इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












