लखनऊ। चिनहट थाना पुलिस ने यातायात ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार करने और कार रोकने के प्रयास में आरक्षी को घसीटने वाले आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक यातायात पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी गौरव बंसल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक कार चालक ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें टक्कर मारने और जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद थाना चिनहट में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक सत्यम वर्मा को अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर रौनाही क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी KIA Carens कार चला रहा था। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।












